Thursday 10 April 2014

पानी पीते समय ध्यान रखनी चाहिए ये छोटी-छोटी सामान्य बातें

पानी पीते समय ध्यान रखें ये एक चाणक्य नीति, न होगा कब्ज और न होगा अपच

 हमारे जीवन के लिए पानी अनमोल है और इसके बिना जीने की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। पानी से शरीर को ऊर्जा मिलती है और इससे भोजन पचाने में भी सहायता मिलती है। वैसे तो पानी पीना स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक है, लेकिन कुछ परिस्थितियों में पानी से स्वास्थ्य को नुकसान भी हो सकता है। खाना खाने से ठीक पहले पानी पीने से पाचन शक्ति कमजोर होती है।
आचार्य चाणक्य ने एक नीति में बताया है कि गलत समय पर पानी पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। कुछ परिस्थितियां ऐसी हैं, जब पानी हमें नुकसान पहुंचाता है। अत: इस संबंध में यहां बताई जा रही नीति का ध्यान रखें...
आचार्य चाणक्य कहते हैं कि...
अजीर्णे भेषजं वारि जीर्णे वारि बलप्रदम्।
भोजने चाऽमृतं वारि भोजनान्ते विषप्रदम्।।
इस श्लोक में आचार्य ने बताया है कि खाना खाते समय पानी पीने के लिए विशेष सावधानी रखनी चाहिए। खाते समय पानी को लेकर की गई असावधानी पाचन बिगाड़ सकती है। खाना सही ढंग से पचने के बाद ही हमारे शरीर को कार्य करने के लिए ऊर्जा प्राप्त होती है। अत: खाना खाते समय पानी के संबंध में कुछ अनिवार्य बातें हमेशा ध्यान रखें।


 खाने के एकदम बाद पीएं पानी
आचार्य के अनुसार भोजन के एकदम बाद पानी नहीं पीना चाहिए। खाना खाने के बाद जब तक खाना पच ना जाए, तब तक पानी पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है। यदि कोई व्यक्ति भोजन के तुरंत बाद पानी पी लेता है तो उसके पाचन तंत्र को भोजन पचाने में परेशानियां होती हैं। यदि खाना ठीक से पचेगा नहीं तो शरीर को उचित ऊर्जा प्राप्त नहीं हो पाएगी। अपच की स्थिति में पेट संबंधी रोग होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
भोजन के तुरंत बाद पानी पीने पर वह विष के समान कार्य करता है, भोजन पचने में रुकावट पैदा करता है। यदि हम चाहे तो भोजन के बीच-बीच में थोड़ा-थोड़ा पानी पी सकते हैं, लेकिन अधिक पानी पीना नुकसानदायक हो सकता है।
जब खाना पूरी तरह पच जाए तो उसके बाद पानी पीना चाहिए। खाना पचने के बाद पानी पीने पर वह अमृत के समान काम करता है। शरीर को भरपूर ऊर्जा प्रदान करता है और पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहता है। पाचन तंत्र के स्वस्थ होने पर पेट भी ठीक रहता है। पेट ठीक होने से कब्ज, गैस, अपच आदि समस्याएं नहीं होती हैं।
ध्यान रखें, भोजन से कुछ देर पहले यानी एक घंटे या आधे घंटे पहले एक-दो गिलास पानी पी सकते हैं। खाना खाते समय बीच-बीच में एक-दो घूंट पानी पीना लाभदायक होता है। ऐसा करने पर खाना जल्दी पचता है। साथ ही, पाचन शक्ति भी बढ़ती है।



No comments:

Post a Comment